
“ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिगों को नशा बेचने वाला दुकानदार गिरफ्तार रायगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में जूटमिल पुलिस ने नाबालिग बच्चों को सोल्यूशन ट्यूब बेचकर नशे की लत लगाने वाले किराना दुकानदार को गिरफ्तार किया है। वहीं पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 22 लीटर शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में नशे के कारोबारियों और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।जानकारी के अनुसार, थाना जूटमिल पुलिस को सूचना मिली थी कि केलो पुल के पास जेल कॉम्प्लेक्स स्थित संतोष किराना दुकान में किराना सामान के साथ MAXO BOND ADHESIVE सोल्यूशन ट्यूब रखकर नाबालिग बच्चों को नशे के लिए बेचा जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमार कार्रवाई की।पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो कुछ नाबालिग लड़के कपड़े में सोल्यूशन लगाकर नशा करते मिले, जो पुलिस को देखकर मौके से भाग गए। दुकान संचालक ने अपना नाम संतोष वाधवानी (57 वर्ष), निवासी पंचवटी नगर बोईरदादर, रायगढ़ बताया। तलाशी के दौरान दुकान से MAXO BOND ADHESIVE कंपनी के 50 एमएल के 13 नग और 10 एमएल के 39 नग सोल्यूशन ट्यूब सहित बिक्री रकम बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नाबालिग बच्चों को अधिक कीमत पर सोल्यूशन बेचता था और उसे यह जानकारी थी कि बच्चे इसका उपयोग नशे के रूप में कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध जेजे एक्ट एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।इसी प्रकार थाना पूंजीपथरा पुलिस ने गेरवानी केसर जंगल क्षेत्र में शराब रेड कार्रवाई करते हुए 22 लीटर महुआ शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से नाबालिग बच्चों को नशे की ओर धकेलने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध शराब, नशीले पदार्थ और युवाओं को नशे की लत लगाने वाले कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
