
रायगढ़ ।थाना पूंजीपथरा पुलिस की मुस्तैदी और सतर्कता से देर रात एक बड़ी एटीएम चोरी की वारदात होने से पहले ही विफल कर दी गई,रात्रिकालीन पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीम ने एक आरोपी को गैस कटर के साथ एटीएम मशीन तोड़ते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया,जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 3 बजे की है, गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के निर्देशन में गश्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची, मौके पर आरोपी एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर नगदी निकालने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार पासवान (29 वर्ष) निवासी ग्राम डूबरीडीह, थाना हरिहरगंज, जिला पलामू (झारखंड) हाल मुकाम गेरवानी, थाना पूंजीपथरा के रूप में हुई है,आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गैस कटर भी बरामद किया गया है,पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था, और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में नुकसान व कर्ज के दबाव के चलते उसने एटीएम चोरी की योजना बनाई थी,हालांकि, पुलिस की सतर्कता के चलते उसका प्रयास असफल रहा। इस घटना में एटीएम मशीन को लगभग 3.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

मामले में इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी दीपक दास महंत की रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत धारा 305, 316, 331(4), 62 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस साहसिक कार्रवाई में शामिल आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा की सराहना करते हुए, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने उन्हें नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है,साथ ही थाना प्रभारी रामकिंकर यादव और पूरी टीम की तत्परता की प्रशंसा की।

एसएसपी का संदेश:“सतर्क पुलिसिंग से एक बड़ी वारदात टल गई। रायगढ़ पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए हर समय मुस्तैद है।”
